
What is boba tea in hindi:
बोबा-टी (जिसे पर्ल मिल्क टी, बबल मिल्क टी, टैपिओका मिल्क टी, या बोबा भी कहा जाता है) एक टी बेस्ड ड्रिंक है। इसे भी कॉफी की तरह हॉट और कोल्ड दोनों वर्जन में बनाया जा सकता है। इसमें टैपिओका से बने छोटे-छोटे बॉल्स भी होते हैं, जिन्हें चबाया जाता है। इन बॉल्स को टैपिओका बॉल्स या बोबा बॉल्स भी कहा जाता है।
ऐसा माना जाता है कि इसकी शुरुआत ताइवान में लगभग 1980 के आसपास हुई थी, उसके बाद यह धीरे-धीरे दूसरे देशों में भी इस्तेमाल की जाने लगी। मजेदार बात यह है कि आप इसे हर मौसम में इस्तेमाल कर सकते हैं। गर्मियों के मौसम में आम तौर पर कोल्ड बोबा-टी पसंद की जाती है, जबकि सर्दियों में लोग हॉट बोबा-टी को इस्तेमाल करते` हैं।
इसे आप अपनी पसंद के अनुसार 3 अलग-अलग मुख्य बेस के साथ तैयार कर सकते हैं- ब्लैक टी, ग्रीन-टी और ऊलोंग टी। ब्लैक-टी से बनी बोबा-टी का स्वाद क्लॉसिक और थोड़ा स्ट्रॉंग होता है, जबकि ग्रीन-टी वाली बोबा-टी ज्यादा हल्की और रिफ्रेशिंग होती है। वहीं ऊलोंग-टी का फ्लेवर बाकी दोनों के मुकाबले बैलेंस्ड होता है, न ज्यादा स्ट्रॉंग और न ही ज्यादा हल्का।
इसे कई अलग-अलग तरीकों से बनाया जा सकता है। इसके अलग-अलग प्रकार में फ्लेवर के अनुसार फल या आइस-क्रीम का भी इस्तेमाल किया जाता है। आइए इसके कुछ मुख्य प्रकारों के बारे में जानें:
बोबा-टी के मुख्य प्रकार (Main Types of Boba Tea in hindi)

1. क्लॉसिक मिल्क-टी-
इसे कड़क काली चाय (आम तौर पर असम या सीलोन-टी), दूध (डेयरी या नॉन-डेयरी क्रीमर), और ब्राउन शुगर या शहद को मिलाकर बनाया जाता है। इसमें काले रंग के ‘टैपिओका पर्ल्स’ होते हैं, जिन्हें ब्राउन शुगर सिरप में पकाया जाता है, जिससे उनमें हल्का कैरेमल जैसा स्वाद आ जाता है। इसका स्वाद काफी हद तक हमारी इंडियन मसाला-टी से मिलता है, बस इसमें अदरक-इलायची की जगह चाय की पत्तियों का गहरा फ्लेवर और चबाने वाले बोबा बॉल्स होते हैं।
2. फ्रूट बोबा टी –
यह उन लोगों के लिए परफेक्ट है, जिन्हें दूध वाली चाय पसंद नहीं है। इसे ग्रीन-टी या जैस्मीन-टी के बेस के साथ बनाया जाता है, जिसमें ताजे फलों का रस, प्यूरी या सिरप (जैसे लीची, आम, जुनून फल/Passion Fruit) मिलाया जाता है। यह दिखने में रंगीन और पीने में बहुत रिफ्रेशिंग होती है। इसमें आम तौर पर बर्फ के टुकड़े डाले जाते हैं। यह पीने में एकदम ‘फ्रूट पंच’ या ‘आइस-टी’ जैसी लगती है। इसमें अक्सर टैपिओका बॉल्स की जगह फ्रूट जेली का भी इस्तेमाल होता है।
3. टारो बोबा टी-
यह अपने खूबसूरत बैंगनी रंग की वजह से सोशल मीडिया पर काफी मशहूर है। ‘टारो’ एक जड़ वाली सब्जी है (शकरकंद जैसी), जिसे पीसकर पाउडर या पेस्ट बनाया जाता है। फिर इसे दूध और चीनी के साथ मिक्स किया जाता है। इसमें आप चाय की पत्तियां डाल भी सकते हैं और नहीं भी। यह बहुत गाढ़ी और क्रीमी होती है। इसका स्वाद बिल्कुल अलग होता है—हल्का वनीला, थोड़ा बिस्किट जैसा और नट्स जैसा मीठा स्वाद।
4. पॉपिंग बोबा-
यह बोबा-टी का एक लेटेस्ट और मजेदार रूप है, जिसे ‘जूस बॉल्स’ भी कहते हैं। ये टैपिओका से नहीं बनते, बल्कि एक वैज्ञानिक तकनीक स्फेरिफिकेशन (Spherification) से बनते हैं। इनकी बाहरी परत बहुत पतली जेली जैसी होती है और अंदर फलों का रस भरा होता है। जब आप इन्हें मुंह में रखकर दबाते हैं, तो ये ‘पॉप’ होकर फट जाते हैं और अंदर का जूस आपके मुंह में घुल जाता है। इन्हें अक्सर फ्रूट-टी या दही (Frozen Yogurt) के ऊपर टॉपिंग के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
5. थाई बोबा टी-
थाई बोबा टी को थाई मिल्क टी, थाई आइस्ड टी, और थाई बबल टी जैसे नामों से भी जाना जाता है। यह ऑरेंज (नारंगी) रंग की होती है। यह पारंपरिक थाई चाय में बोबा बॉल्स को डालकर बनाई जाती है। यह कोल्ड-टी होती है। चाय को पहले पानी में उबला जाता है, फिर इसमें कंडेस्ड मिल्क और शुगर मिलाई जाती है, और फिर एक गिलास में बोबा बॉल्स के ऊपर थोड़ी बर्फ डालकर ऊपर से ठंडी हो चुकी चाय डाल देते हैं। इसे थाईलैंड में काफी पसंद किया जाता है। इसका मीठा और क्रीमी टेस्ट किसी डेजर्ट के जैसा लगता है। ठंडी होने की वजह से इसे गर्मियों में ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है।
इसके अलावा माचा-टी, हनीड्यू मिल्क टी, मैंगो-टी, कोकोनट मिल्क-टी, स्ट्राबेरी मिल्क-टी भी आम तौर पर भारत में ज्यादा पसंद किये जाने वाले प्रकार हैं।
क्या बोबा-टी सेहत के लिए फायदेमंद है?
बोबा-टी सेहत के लिए फायदेमंद है या नहीं यह इस बात पर निर्भर करता है की आप इसे कैसे बनाते हैं। आप अपने हिसाब से इसका जितना चाहें उतना हेल्दी वर्जन तैयार कर सकते हैं। जैसे आप इसमें मिठास के लिए चीनी की जगह ब्राउन शुगर इस्तेमाल कर सकते हैं, और अगर आप इसे ज्यादा नेचुरल रखना चाहते हैं तो शहद का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही अगर आप कम कैलोरी वाली चाय पीना पसंद करते हैं तो ग्रीन-टी या बिना दूध वाली ब्लैक-टी भी तैयार कर सकते हैं।
इसके अलावा अगर आप लैक्टोज इन्टॉलरेंट हैं या डेयरी प्रोडक्ट का इस्तेमाल नहीं करते हैं तो इसमें प्लांट बेस्ड मिल्क ( सोया मिल्क, बादाम का दूध आदि) भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह आपको तुरंत एनर्जी प्रोवाइड कराने के साथ-साथ मूड को बेहतर बनाने में भी मदद कर सकती है। अगर आप इसका ब्लैक-टी या ग्रीन-टी वाला वर्जन चुनते हैं तो एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होने की वजह से यह आपके इम्यून सिस्टम को भी सपोर्ट कर सकती है।
बोबा-टी में कौन से दूध इस्तेमाल किए जा सकते हैं?

पारंपरिक बोबा-टी में आम तौर पर सबसे ज्यादा स्वीटेंड कंडेस्ड मिल्क इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन आप अपनी जरुरत, पसंद और उपलब्धता के आधार पर कई अलग-अलग तरह के दूध इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए इन पर एक नजर डालें:
इसमें आप ताजा फुल क्रीम दूध, इवैपोरेटेड मिल्क (क्रीमी टेक्सचर के लिए), स्वीटेंड कंडेस्ड मिल्क (गाढ़ेपन के लिए) इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आप नॉन डेयरी मिल्क का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो बादाम का दूध, सोया मिल्क, कोकोनट मिल्क या ओट मिल्क जैसे विकल्प चुन सकते हैं। साथ ही आप नॉन डेयरी क्रीमर (स्मूथ टेक्सचर के लिए) या हॉफ एंड हॉफ (दूध और क्रीम का मिश्रण/ ज्यादा क्रीमी बनाने के लिए) का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
बोबा-टी में इस्तेमाल होने वाली मुख्य टॉपिंग
यूं तो बोबा-टी में पारंपरिक रूप से मुख्य तौर पर टैपिओका पर्ल्स का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन आप अपने पसंदीदा फ्लेवर और टेक्सचर के हिसाब से कई अलग-अलग तरह की टॉपिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
टैपिओका पर्ल्स के अलावा आप जेली, पुडिंग, क्रिस्टल बोबा, पोटैटो बॉल्स, पोपिंग बोबा, आइस-क्रीम, तारो/Taro (अरबी/ घुइयां/कंद), ओरियो (oreo), और रेड बीन्स को भी टॉपिंग के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं।
बेहतरीन स्वाद और फ्लेवर के लिए बोबा-टी के प्रकार के आधार पर सही टॉपिंग चुनें।
किन लोगों को बोबा-टी के इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए?
हालाँकि बोबा-टी (What is boba tea in hindi) एक बेहतरीन स्वादिष्ट और रिफ्रेशिंग ड्रिंक है, और इसे कई अलग-अलग तरीकों से बनाया जा सकता है, लेकिन फिर भी इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजों की वजह से कुछ लोगो को इसके इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए।
- बाहर मिलने वाली बोबा-टी में शुगर की मात्रा ज्यादा हो सकती है, जो ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती है। इसलिए डायबिटीज वाले लोगों को इसे पीते समय थोड़ा ध्यान रखना चाहिए या घर पर अपने हिसाब से कम/बिना शुगर वाली बोबा-टी का इस्तेमाल करना बेहतर है।
- बोबा-बॉल्स का साइज और उनका टेक्सचर कई बार छोटे बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। ठीक से चबाकर न खाने पर बॉल्स का गले में अटकने का खतरा बना रहता है। इसलिए बच्चों को टी देते समय सावधानी बरतें।
- जिन लोगों को डेयरी प्रोडक्ट्स से एलर्जी है उन्हें प्लांट बेस्ड मिल्क का इस्तेमाल करना चाहिए या बिना दूध वाली चाय भी बना सकते हैं।
- बोबा बॉल्स, टैपिओका स्टार्च से बने होते हैं। इसलिए, जिन लोगों को पाचन से जुड़ी कोई समस्या है, उन्हें इसके इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए। ज्यादा मात्रा में ये बॉल्स खाने पर या ठीक से न चबाने पर कब्ज या पेट में भारीपन की समस्या हो सकती है।
- बाहर मिलने वाली एक सामान्य बोबा-टी में लगभग 300 से 500 कैलोरी तक हो सकती हैं। इसलिए वजन कम करने वाले लोगों को सोच-समझकर, सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करना चाहिए।
निष्कर्ष
बोबा-टी एक जबरदस्त स्वादिष्ट और रिफ्रेशिंग ड्रिंक है। इसे आप मौसम और मूड के अनुसार ठंडी या गर्म दोनों रूपों में इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही आप अपने मूड, जरुरत और उपलब्धता के आधार पर इसके कई अलग-अलग फ्लेवर और टेक्सचर तैयार कर सकते हैं। दिन भर काम की थकान और भूख के बाद शाम के रिफ्रेशिंग स्नैक्स के तौर पर भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपके पेट को भरा रखती है और तुरंत एनर्जी प्रोवाइड कराती है।
मात्रा का हमेशा ध्यान रखें। ज्यादा मात्रा में कोई भी चीज नुकसानदायक हो सकती है। इसे बनाते समय या बाहर से खरीदते समय, एलर्जी वाले इंग्रीडिएंट्स का ध्यान रखें। अगर आपको कोई स्वास्थ्य समस्या है या आप कोई दवा ले रहे हैं तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। स्वस्थ रहें-खुश रहें!
ये भी पढ़ें-







